राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में शिवपुरी की छात्राओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन: नारही की साइनी प्रथम व कड़ोरा की लवली ने द्वितीय स्थान पाया

0

दैनिक आचरण भोपाल 


समाचार

राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में शिवपुरी की छात्राओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन: नारही की साइनी प्रथम व कड़ोरा की लवली ने द्वितीय स्थान पाया

शिवपुरी, 22 अगस्त 2026/ राज्य शिक्षा केंद्र एवं स्कूल शिक्षा विभाग, मध्य प्रदेश के तत्वावधान में नरसिंहपुर में आयोजित राज्य स्तरीय विज्ञान, गणित, पर्यावरण एवं सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी 2025-26 में शिवपुरी जिले की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है।

कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन, जिला पंचायत सीईओ श्री विजय राज के मार्गदर्शन तथा जिला शिक्षा अधिकारी श्री आकाश सिंह यादव के नेतृत्व में जिले के प्रतिभागियों ने राज्य स्तर पर यह सफलता हासिल की।

विजेता प्रतिभागी एवं उनके मॉडल

शासकीय माध्यमिक विद्यालय नारही (विकासखंड करैरा) की कक्षा 8वीं की छात्रा कु. साइनी जाटव ने सामाजिक विज्ञान (इतिहास) विषय के अंतर्गत अपने मॉडल “प्राचीन एवं आधुनिक जीवन शैली” के लिए राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। यह मॉडल मार्गदर्शक शिक्षक श्री पंकज कुमार श्रीवास्तव एवं श्रीमती संतोषी अहिरवार के निर्देशन में तैयार किया गया था। वहीं, शासकीय माध्यमिक विद्यालय कड़ोरा की छात्रा कु. लवली लोधी ने विज्ञान विषय के अंतर्गत “आधुनिक सिंचाई प्रणाली” मॉडल के माध्यम से राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल किया। इनके मार्गदर्शक शिक्षक श्री प्रतापचन्द्र वर्मा एवं श्रीमती ज्योति चौरसिया रहे।

कैबिनेट मंत्री ने किया सम्मानित

प्रदर्शनी के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री श्री राव उदय प्रताप सिंह ने विजेता छात्राओं तथा उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को शील्ड एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

चयन प्रक्रिया एवं उपलब्धि

इस प्रतियोगिता में शिवपुरी जिले से कुल 72 मॉडलों ने सहभागिता की थी। इनमें से 18 मॉडल जोन स्तर पर तथा 6 मॉडल राज्य स्तर के लिए चयनित हुए थे, राज्य स्तर पर जिले के दोनों मॉडलों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शीर्ष प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त किए है।

जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने दी बधाई

इस उपलब्धि पर करैरा विधायक श्री रमेश प्रसाद खटीक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा अमित यादव, डीपीसी श्री दफेदार सिंह सिकरवार, एपीसी (अकादमिक) श्री मुकेश पाठक, बीईओ करैरा श्री मुकेश कुमार शर्मा, बीआरसीसी करैरा श्री विनोद कुमार तिवारी एवं बीएसी श्री अनिल कुमार चौरसिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों व विभागीय अधिकारियों ने विजेताओं तथा मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।

नारही विद्यालय की लगातार दूसरी बड़ी सफलता

उल्लेखनीय है कि सत्र 2024-25 में भी शासकीय माध्यमिक विद्यालय, नारही की छात्रा अनुष्का पाल अपने “टपक सिंचाई” मॉडल के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होकर देश के 236 युवा वैज्ञानिकों में स्थान प्राप्त कर भारतीय संसद में सम्मानित हुई थीं। विद्यालय की यह लगातार दूसरी बड़ी उपलब्धि है, जिसने जिले एवं प्रदेश में विद्यालय की विशिष्ट पहचान स्थापित की है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

About Dainik Acharan News

Dainik Acharan News मध्य प्रदेश, शिवपुरी और देश-दुनिया की ताजा खबरों का हिंदी समाचार मंच है।