दैनिक आचरण भोपाल
समाचार
नरवर में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का मामला गरमाया, विधायक ने कलेक्टर से कार्रवाई की मांग की
शिवपुरी/नरवर। नगर परिषद नरवर के वार्ड क्रमांक 03, 04, 05 एवं 13 में शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण और अवैध निर्माण का मामला सामने आया है। इस संबंध में विधानसभा क्षेत्र 23 करैरा के विधायक रमेश प्रसाद खटीक ने जिला कलेक्टर शिवपुरी को पत्र भेजकर जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
विधायक द्वारा भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि संबंधित वार्डों में शासकीय भूमि पर लोगों द्वारा अतिक्रमण कर निर्माण कार्य किए गए हैं। पत्र के अनुसार, नगर परिषद अध्यक्ष के परिवार द्वारा कथित रूप से अतिक्रमित जमीन पर मिल संचालित की जा रही है, जिससे आसपास के वार्डवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि कई वार्डों में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर निर्माण किए गए हैं तथा पुरानी कृषि उपज मंडी की जमीन पर भी कथित रूप से अवैध कब्जा किया गया है। इससे स्थानीय लोगों को प्रदूषण की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक ने कलेक्टर से मामले की जांच कर अवैध अतिक्रमण हटाने तथा संबंधित मिल एवं दुकानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। पत्र की प्रतिलिपि तहसीलदार नरवर और मुख्य नगर पालिका अधिकारी को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
