पी.के. यूनिवर्सिटी के आयुर्वेदिक कॉलेज में नवीन शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ; कलेक्टर श्री वर्मा ने छात्रों का किया मार्गदर्शन।

0

दैनिक आचरण भोपाल 

जितेंद्र जैन 

समाचार 


पी.के. यूनिवर्सिटी के आयुर्वेदिक कॉलेज में नवीन शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ; कलेक्टर श्री वर्मा ने छात्रों का किया मार्गदर्शन।

शिवपुरी, 19 अगस्त 2026/ करैरा स्थित पी.के. यूनिवर्सिटी के 'पं. महावीर प्रसाद मेमोरियल आयुर्वेदिक कॉलेज एवं हॉस्पिटल' में नवीन शैक्षणिक सत्र के 'शुभारंभ' कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। 

इस कार्यक्रम में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अपर कलेक्टर श्री दिनेश चंद्र शुक्ला विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। 

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर पी.के. यूनिवर्सिटी के चांसलर (कुलाधिपति) श्री जे. पी. शर्मा, वाइस चांसलर (कुलपति) डॉ.मुकेश चंद्र, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. जे. के. मिश्रा तथा कुलसचिव डॉ. जितेन्द्र मलिक विशेष रूप से उपस्थित रहे।

एक पेड़ मां के नाम के तहत हुआ पौधारोपण।

इस अवसर पर 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत कॉलेज परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। अतिथियों एवं विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे लगाए और उनकी देखभाल का संकल्प लिया।

नवागत विद्यार्थियों से किया संवाद।

नवागत विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने अपने लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी, मसूरी के प्रशिक्षण दिनों और प्रशासनिक सेवा के अनुभवों को साझा किया। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि 'शीलम् परम भूषणम्' (उत्कृष्ट चरित्र ही सबसे बड़ा आभूषण है) के सिद्धांत को जीवन में अपनाएं और अनुशासन, लगन व सेवा भाव के साथ चिकित्सा क्षेत्र में आगे बढ़ें। कलेक्टर श्री वर्मा ने विद्यार्थियों को मन लगाकर और कठोर परिश्रम करते हुए पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने हमेशा अपने गुरुजनों का सम्मान करने की सीख दी और बताया कि आज का परिश्रम ही आपके स्वर्णिम एवं उज्ज्वल भविष्य की नींव रखेगा। अंत में उन्होंने सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों को उनके सफल एवं उज्ज्वल भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

भ्रमण कर देखीं अन्य व्यवस्थाएं।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने कॉलेज परिसर, विशाल लाइब्रेरी तथा विभिन्न शैक्षणिक व चिकित्सकीय विभागों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' एवं राष्ट्रगान 'जन-गण-मन' का गरिमामय गायन हुआ। इस अवसर पर कॉलेज प्रबंधन, प्राध्यापकगण, चिकित्सक एवं बड़ी संख्या में नवप्रवेशी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

About Dainik Acharan News

Dainik Acharan News मध्य प्रदेश, शिवपुरी और देश-दुनिया की ताजा खबरों का हिंदी समाचार मंच है।