दैनिक आचरण भोपाल
जितेंद्र जैन
समाचार
कलेक्टर श्री वर्मा ने किया करैरा क्षेत्र के ग्राम थनरा और दबरा सहित विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण।
जनजातीय बस्ती में सुनीं समस्याएं, समस्याओं के निराकरण हेतु विशेष कैंप लगाने के निर्देश।
उप स्वास्थ्य केंद्र एवं आंगनबाड़ी में मिलीं गंभीर खामियां; सीएचओ व कार्यकर्ता को हटाने के निर्देश।
शिवपुरी, 18 अगस्त 2026/ कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने आज विकासखंड करैरा के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य, स्कूल, आंगनबाड़ी, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन, प्रशासनिक व्यवस्थाओं तथा जनसुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री दिनेश चंद्र शुक्ला भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान पाई गई गंभीर अनिमियताओं और पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए कलेक्टर श्री वर्मा ने संबंधितों के विरुद्ध तत्काल अनुशासनात्मक एवं सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनजातीय बस्ती का पैदल भ्रमण कर सुनीं समस्याएं, त्वरित निराकरण हेतु विशेष कैंप के निर्देश।
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने ग्राम दबरा (दिनारा) स्थित जनजातीय बस्ती का पैदल भ्रमण कर जमीनी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बस्तीवासियों के बीच बैठकर उनसे सीधा संवाद किया तथा बिजली, पेयजल, राशन, पेंशन और स्वास्थ्य सुविधाओं से संबंधित समस्याएं सुनीं।
मौके पर ही जनसमस्याओं के समाधान हेतु उन्होंने तत्काल पटवारी को स्थल पर बुलवाया और फौती नामांतरण, किसान सम्मान निधि, पेंशन तथा राशन जैसी सुविधाओं के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों व महिलाओं के शत-प्रतिशत टीकाकरण, आरबीएसके स्वास्थ्य शिविर के आयोजन तथा बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता को मौके पर आकर ग्रामीणों को जागरूक करने एवं तत्काल विद्युत आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बस्ती क्षेत्र में अवैध शराब की गतिविधियों की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने आबकारी अधिकारी को तत्काल सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनसमस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण हेतु उन्होंने अधिकारियों को बस्ती में ही विशेष कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए।
सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र क्र. 2 में लापरवाही, कार्यकर्ता को हटाने के निर्देश।
ग्राम दबरा (दिनारा) स्थित सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 2 के औचक निरीक्षण के दौरान केंद्र में लापरवाही पाई गई। बच्चों के पोषण और देखभाल से जुड़ी अव्यवस्था पर कड़ा रुख अपनाते हुए कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने बाल विकास परियोजना अधिकारी को संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र में मध्याह्न भोजन के सुचारु एवं पारदर्शी संचालन का जिम्मा स्थानीय समूह को सौंपने के सख्त निर्देश दिए है।
उप स्वास्थ्य केंद्र में गंभीर लापरवाही पर सीएचओ एवं कर्मचारी को पद से हटाने के निर्देश।
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा के उप स्वास्थ्य केंद्र के औचक निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में अनिमियतताएं पाई गईं। निरीक्षण के समय स्वास्थ्य केंद्र में गंदगी तथा पदस्थ सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी का कक्ष बंद पाया गया। इसके साथ ही वह बिना किसी पूर्व सूचना अथवा अनुमति के अपने कर्तव्य से अनुपस्थित पाई गईं।
आमजन की सेहत और मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति इस घोर लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए कलेक्टर श्री वर्मा ने अनुपस्थित सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से पद से हटाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शासकीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण: शैक्षणिक गुणवत्ता, स्वच्छता और शत-प्रतिशत उपस्थिति के दिए निर्देश।
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान एकीकृत शाला शासकीय माध्यमिक विद्यालय थनरा, प्राथमिक विद्यालय दबरा (दिनारा) एवं अन्य शासकीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को परखा, अध्यापन कार्य, शिक्षकों व विद्यार्थियों की उपस्थिति, शाला परिसर की स्वच्छता तथा मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता का गहन अवलोकन किया। शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री वर्मा ने उपस्थित शिक्षकों को बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने, पठन-पाठन का स्तर सुधारने तथा विद्यालय में विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों के भविष्य और शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ करने के दिए निर्देश
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने भ्रमण के दौरान ग्रामीणों से सीधे संवाद कर पेयजल एवं विद्युत प्रदाय की स्थिति की जानकारी ली। ग्रामीणों द्वारा अवगत कराई गई समस्याओं पर त्वरित संज्ञान लेते हुए कलेक्टर श्री वर्मा ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को उप स्वास्थ्य केंद्र परिसर के हैंडपंप में पाईप बढ़ाने तथा विद्यालय परिसर एवं ग्राम के समस्त हैंडपंपों में जल की शुद्धता हेतु ब्लीचिंग पाउडर डालने के निर्देश दिए। वहीं विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने कनिष्ठ अभियंता को निर्धारित समयावधि में सुचारु विद्युत प्रदाय सुनिश्चित करने एवं विद्युत संबंधी शिकायतों का शीघ्र निराकरण करने के कड़े निर्देश दिए, ताकि आमजन को मूलभूत सुविधाओं हेतु कठिनाई न हो।
तहसील कार्यालय करैरा का औचक निरीक्षण:।
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने तहसील कार्यालय करैरा का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक कामकाज और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पीएम किसान सम्मान निधि के क्रियान्वयन तथा आरसीएमएस पंजी का गहन अवलोकन कर राजस्व प्रकरणों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री वर्मा ने तहसील परिसर में मौजूद आम नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए तथा अधिकारियों को उनके समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने परिसर में उपस्थित अधिवक्ताओं से चर्चा कर प्रशासनिक कार्यप्रणाली एवं आपसी समन्वय को सुदृढ़ बनाने पर विचार-विमर्श किया।
