न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
सीएम राइज स्कूल निर्माण में करोड़ों के भुगतान पर सवाल, अधूरा ग्राउंड और निर्माण गुणवत्ता ने बढ़ाई चिंता।
कमरों से लेकर हॉल और पिलर तक गुणवत्ता पर उठे सवाल, पीआईयू अधिकारियों से निरीक्षण की जानकारी मांगने पर नहीं मिला स्पष्ट जवाब
शिवपुरी। जिला शिवपुरी में गरीब बच्चों के लिए तैयार किए जा रहे सीएम राइज स्कूल भवन के निर्माण को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
मौके पर भवन के विभिन्न कमरों, हॉल और पिलरों में निर्माण गुणवत्ता को लेकर आपत्तियां सामने आने की बात कही जा रही है। वहीं बच्चों के पीने के पानी की टंकी के आसपास भी पानी और निर्माण व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
सबसे महत्वपूर्ण सवाल स्कूल के ग्राउंड को लेकर है। मौके पर निरीक्षण के दौरान ग्राउंड का काम अभी तक पूरा नहीं मिला। इसके बावजूद निर्माण कार्य से जुड़े भुगतान को लेकर चर्चा है कि करोड़ों रुपये के बिल पास कैसे और किन आधारों पर किए गए?
मौके पर मौजूद पीआईयू से जुड़े अधिकारी से जब भवन सौंपे जाने के संबंध में जानकारी ली गई तो बताया गया कि भवन को पूरा होने में अभी लगभग दो महीने और लगेंगे। ऐसे में सवाल उठता है कि जब स्कूल परिसर का महत्वपूर्ण ग्राउंड अभी तैयार नहीं हुआ और निर्माण कार्य भी पूर्ण नहीं बताया जा रहा, तो अब तक हुए भुगतान की प्रक्रिया किस आधार पर आगे बढ़ी?
भवन का कितनी बार हुआ निरीक्षण?
निर्माण गुणवत्ता और भुगतान के बीच सबसे बड़ा सवाल निरीक्षण को लेकर है। जब संबंधित अधिकारी से पूछा गया कि भवन का अब तक कितनी बार निरीक्षण किया गया, किन अधिकारियों ने निरीक्षण किया और निरीक्षण रिपोर्ट में क्या उल्लेख है, तो स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई।
करोड़ों की लागत से बन रहे इस भवन में बच्चों का भविष्य जुड़ा है। इसलिए निर्माण की गुणवत्ता, भुगतान, माप पुस्तिका और निरीक्षण रिपोर्ट की स्वतंत्र जांच कर वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करना जरूरी है। यदि जांच में अनियमितता मिलती है तो जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
