केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिए स्पष्ट निर्देश त्योहार शुरू होने से पहले गुना और शिवपुरी के प्रत्येक वार्ड में दिखेगा स्वच्छता अभियान का असर

0

दैनिक आचरण भोपाल 

समाचार 

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिए स्पष्ट निर्देश त्योहार शुरू होने से पहले गुना और शिवपुरी के प्रत्येक वार्ड में दिखेगा स्वच्छता अभियान का असर

शिवपुरी-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत के संकल्प को साकार करने के लिए चलाए जा रहे स्वच्छ भारत मिशन को गति देते हुए केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना और शिवपुरी जिले के प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के साथ गुरुवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अलग-अलग बैठकें कर दोनों जिलों में व्यापक स्वच्छता अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। 

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती 2 अक्टूबर से लेकर सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती 31 अक्टूबर तक स्वच्छ भारत मिशन के तहत विशेष अभियान 6.0 चलाया जा जाएगा। इसके तहत केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने बैठक में गुना और शिवपुरी जिले में भी स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं और बेहतर व्यवस्थाओं को लेकर विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया।

बैठक में प्रत्येक वार्ड को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री  सिंधिया ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता अभियान केवल औपचारिकता न रहे, बल्कि इसका असर धरातल पर दिखाई देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि दशहरा से पहले दोनों जिलों के प्रत्येक वार्ड में स्वच्छता अभियान के ठोस परिणाम दिखने चाहिए। उन्होंने कहा कि नवरात्रि में मां दुर्गा का आगमन स्वच्छ और सुंदर वातावरण में हो, यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए चार प्रमुख क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर कार्य करने के निर्देश दिए है। स्वच्छता एवं जल निकासी प्रबंधन पर विशेष फ़ोकस रखने को निर्देशित किया गया है। प्रत्येक वार्ड में नियमित साफ-सफाई, नालियों की सफाई, जलभराव की समस्या का समाधान और सुचारु जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करना है।  शहर में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करना तथा आम नागरिकों की आवाजाही को सुगम बनाने पर भी विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।  सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों पर विद्युत-प्रकाश  व्यवस्था दुरुस्त करने को निर्देशित किया गया है। खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, सड़कों के गड्ढों को भरना, पैचवर्क कराना तथा आवागमन योग्य सड़कों की स्थिति सुनिश्चित करने को निर्देश दिया गया है। 

अभियान को जनभागीदारी और प्रशासनिक समन्वय के साथ संचालित करने के लिए केंद्रीयमंत्री सिंधिया ने प्रत्येक वार्ड में 20 से 25 सदस्यीय टीमों के गठन के निर्देश दिए। इन टीमों में प्रशासनिक अधिकारियों, नगर पालिका के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय स्तर पर जुड़े लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

इसके अतिरिक्त, अभियान के समग्र संचालन और निगरानी के लिए कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ), नगर पालिका अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष एवं विधायक की सहभागिता से चार प्रमुख समन्वय टीमें गठित करने के निर्देश दिए गए। शिवपुरी जिले के 39 वार्डों और गुना जिले के 37 वार्डों में गठित होने वाली वार्ड स्तरीय टीमों के माध्यम से लगभग 1000-1200 लोगों की सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करने की योजना है।

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने निर्देश दिए कि अभियान की विस्तृत कार्ययोजना आज  तैयार की जाए और कल से सभी टीमें जमीनी स्तर पर कार्य प्रारंभ करें। प्रतिदिन 25 टीमों को सक्रिय रूप से मैदान में उतारने तथा शिफ्ट और रोटेशन के आधार पर सभी वार्डों में नियमित गतिविधियां संचालित करने की व्यवस्था बनाई जाएगी। बैठक में प्रत्येक कार्य के लिए स्पष्ट जिम्मेदारी तय करने, नियमित निगरानी रखने और निर्धारित समयसीमा में परिणाम सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा हुई। स्वच्छता, जल निकासी, सड़क मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रबंधन से जुड़े कार्यों की वार्डवार समीक्षा एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से कहा कि दोनों जिलों में स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को गंभीरता से लिया जाए। अभियान का उद्देश्य केवल सफाई कराना नहीं, बल्कि प्रत्येक वार्ड में स्वच्छता की स्थायी व्यवस्था विकसित करना और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि दशहरा से पहले गुना और शिवपुरी के प्रत्येक वार्ड में स्वच्छता और व्यवस्थागत सुधार स्पष्ट रूप से दिखाई दें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

About Dainik Acharan News

Dainik Acharan News मध्य प्रदेश, शिवपुरी और देश-दुनिया की ताजा खबरों का हिंदी समाचार मंच है।