दैनिक आचरण भोपाल
समाचार
शिवपुरी शहर की थीम रोड पर शनिवार सुबह हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 18 वर्षीय युवती सिद्धी जैन की उपचार के दौरान मौत हो गई।
शिवपुरी जिला अस्पताल से ग्वालियर रेफर किए जाने के बाद ग्वालियर के अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार मृतका सिद्धी पुत्री निश्छल उर्फ बबलू जैन, निवासी भोपाल शनिवार सुबह करीब 6 बजे भोपाल से पुरानी शिवपुरी में अपने मामा के घर आई थी।
कुछ देर घर रुकने के बाद वह स्कूटी लेकर शहर में घूमने निकली थी।
सुबह करीब 6:30 बजे सावरकर पार्क के पास थीम रोड पर उसकी स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि युवती 10 से 15 फीट हवा में उछलकर सड़क पर सिर के बल गिर पड़ी।
सिर और नाक पर गंभीर चोट लगने से मौके पर ही खून बहने लगा। स्थानीय लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया।
परिजन को सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंचे और युवती को उपचार के लिए ग्वालियर ले गए।
ग्वालियर में उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।
