संत शिरोमणि रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में शिवपुरी में 'समरसता संकल्प अभियान' का हुआ भव्य शुभारंभ।

0

दैनिक आचरण भोपाल 

जितेंद्र जैन 

समाचार


संत शिरोमणि रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में शिवपुरी में 'समरसता संकल्प अभियान' का हुआ भव्य शुभारंभ।

कलश यात्रा रथ को अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर भ्रमण के लिए किया रवाना

शिवपुरी, 20 अगस्त 2026/ संत शिरोमणि रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर गांधी पार्क स्थित मानस भवन में 'श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं कलश वंदन यात्रा' का भव्य एवं गरिमामय शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम पूज्य संत-महात्माओं का पावन सानिध्य में हुआ, जिन्होंने दीप प्रज्वलन कर इस अभियान का विधिवत शुभारंभ किया।

मानवता के उद्धार का मार्ग हैं संत रविदास जी के विचार- विधायक श्री जैन।

संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री देवेंद्र जैन ने कहा कि संत जी का जन्म काशी के एक गरीब परिवार में हुआ था और उनका पूरा चरित्र आज की मानवता के उद्धार का मार्ग दिखाता है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन धार्मिक विचारों, साधु-संतों की सेवा और समाज कल्याण में समर्पित कर दिया। संत रविदास जी ने अभावों के बीच भी ईमानदारी और कड़ी मेहनत के साथ अपने पारंपरिक व्यवसाय को अपनाते हुए जीवन यापन किया और दुनिया को संदेश दिया कि निष्ठापूर्वक किया गया कर्म ही सच्चा धर्म और ईश्वर की भक्ति है।

करैरा विधायक श्री रमेश प्रसाद खटीक ने भी संबोधित किया और कहा कि संत रविदास जी का पूरा जीवन धार्मिक विचारों, साधु-संतों की सेवा और निष्ठापूर्वक कर्म करने की सीख देता है। उन्होंने समाज को एकता, समानता और समरसता का मार्ग दिखाया है। वक्ताओं ने आह्वान किया कि संत रविदास जी के विचारों और संदेशों को केवल सुनने तक सीमित न रखकर हमें अपने जीवन में भी उनके बताए आदर्शों, ईमानदारी और परिश्रम को पूरी निष्ठा से उतारना चाहिए।

समरसता यात्रा के अवसर पर संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष श्री जसवंत जाटव ने कहा कि मध्य प्रदेश की पावन धरा से यात्रा करता हुआ मुख्य पूजित कलश शिवपुरी जिले में पहुँच चुका है। इस पावन कलश को जिले के सभी 29 मंडलों के  जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों को सौंपा जा रहा है, जिसे प्रत्येक मंडल के गाँव-गाँव और मंदिर ले जाकर भव्य स्वागत व पूजन किया जाएगा। उन्होंने इस पवित्र यात्रा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु आह्वान किया कि सभी जनप्रतिनिधि और प्रशासन की टीम एकजुट होकर इस अभियान का नेतृत्व करें और इसे जन-जन तक पहुँचाएँ।

पूर्व विधायक श्री ओम प्रकाश खटीक ने संत रविदास महाराज के जीवन वृतांत पर प्रकाश डाला। इस दौरान अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया

कलश यात्रा को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

तत्पश्चात पूजित कलश यात्रा रथ को हरी झंडी दिखाकर नगर भ्रमण के लिए रवाना किया गया। यह पावन यात्रा शिवपुरी नगर, पुरानी शिवपुरी और फिजीकल क्षेत्र से होते हुए अनुसूचित जाति बालक छात्रावास (टीवी टावर) व स्थानीय रविदास मंदिर तक पहुँचेगी। इसका मुख्य उद्देश्य संत रविदास जी के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना है।

गरिमामयी उपस्थिति।

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा अमित यादव, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गायत्री शर्मा, जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव, जनपद अध्यक्ष श्रीमती हेमलता रावत, पूर्व विधायक सुरेश राठखेड़ा, माखनलाल राठौर, सांसद प्रतिनिधि राकेश गुप्ता, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष गगन खटीक, तथा अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष श्री सत्य प्रकाश भरदेलिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

About Dainik Acharan News

Dainik Acharan News मध्य प्रदेश, शिवपुरी और देश-दुनिया की ताजा खबरों का हिंदी समाचार मंच है।