पोहरी न्यायालय में नेशनल लोक अदालत का हुआ आयोजन, 64.11 लाख से अधिक की राशि वसूल।

0

दैनिक आचरण भोपाल 

समाचार

पोहरी न्यायालय में नेशनल लोक अदालत का हुआ आयोजन, 64.11 लाख से अधिक की राशि वसूल।


लोक अदालत में कुल 61 आपराधिक व 17 चेक बाउंस प्रकरणों का निपटारा, 145 लोग हुए लाभान्वित।

शिवपुरी, 13 सितम्बर 2026/ मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी के अध्यक्ष तथा प्रधान जिला न्यायाधीश श्री राजेन्द्र प्रसाद सोनी के मार्गदर्शन में शनिवार को न्यायालय पोहरी में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत का औपचारिक शुभारंभ व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ खंड पोहरी श्रीमती अंजलि पटेल द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस नेशनल लोक अदालत में विभिन्न आपराधिक एवं चेक बाउंस प्रकरणों का निराकरण कर कुल 64,11,600 रुपये की वसूली की गई, जिससे कुल 145 व्यक्ति लाभान्वित हुए।

पोहरी न्यायालय में प्रकरणों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निराकरण हेतु दो खंडपीठों का गठन किया गया जिसमें खंडपीठ क्रमांक 28 में व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ खंड पोहरी श्रीमती अंजलि पटेल के न्यायालय द्वारा नेशनल लोक अदालत में 26 आपराधिक प्रकरणों तथा धारा 138 एनआईए (चेक बाउंस) के 18 प्रकरणों का निराकरण करते हुए 56,99,000 रुपये की वसूली की गई। इसी प्रकार खंडपीठ क्रमांक 29 में व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ खंड पोहरी सुश्री काजल नायक की खंडपीठ द्वारा 14 आपराधिक प्रकरणों एवं धारा 138 एनआईए के 03 प्रकरणों का निराकरण कर 7,12,600 रुपये की वसूली की गई। इसके अतिरिक्त बैंक के 481 प्रिलिटिगेशन प्रकरणों का समाधान करते हुए 3,02,200 रुपये की वसूली की गई। इस प्रकार लोक अदालत में कुल 61 आपराधिक प्रकरण तथा 17 चेक बाउंस प्रकरणों का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया।

नेशनल लोक अदालत के शुभारंभ एवं आयोजन अवसर पर न्यायाधीशगण के साथ अभिभाषक संघ पोहरी के अध्यक्ष श्री एस.यू. सिद्धिकी, समस्त अधिवक्तागण, भारतीय स्टेट बैंक पोहरी, मध्यभारत ग्रामीण बैंक एवं यूको बैंक बैराड़ के शाखा प्रबंधक, बीएसएनएल पोहरी के अधिकारीगण तथा न्यायालयीन कर्मचारीगण प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

About Dainik Acharan News

Dainik Acharan News मध्य प्रदेश, शिवपुरी और देश-दुनिया की ताजा खबरों का हिंदी समाचार मंच है।