न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
शिवपुरी विधायक के पुत्र पर लगाया जमीन हड़पने का आरोप,
प्रशासन की बताई सांठगांठ।
जनसुनवाई के अलावा सीएम हेल्पलाइन में की शिकायतें,
अब सिंधिया की घोषणा पर भरोसा।
विधायक पुत्र बोले: हमने नहीं किया कोई कब्जा, जमीन तो मौके पर ही है, वो चाहें तो नपवा लें
शिवपुरी। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के भूमाफिया के खिलाफ कार्यवाही करने के आदेश पर प्रशासन अलर्ट होकर कब्जे हटा रहा है, तो वहीं भूमाफिया से परेशान लोग भी अब सामने आने लगे हैं।
मंगलवार को शिवपुरी के व्यवसाई आनंद गोयल भी कलेक्ट्रेट पहुंचे, जिन्होंने शिवपुरी विधायक के पुत्र पर जमीन कब्जाने का आरोप लगाया है। इतना ही नहीं,
उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से सांठगांठ का आरोप लगाते हुए,
केंद्रीय मंत्री की घोषणा पर भरोसा जताया है।
विधायक पुत्र का कहना है कि हमने कोई कब्जा नहीं किया, जमीन तो मौके पर ही है, वो चाहें तो नपवा लें।
शिवपुरी के व्यवसाई आनंद गोयल ने बताया कि हमारे स्वामित्व की 18 बीघा जमीन ककरवाया में थी,
जिसमें से 9 बीघा जमीन हमने शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन के पुत्र सक्षम जैन को बेची है।
9 बीघा जमीन बेचने के बाद जो शेष जमीन बची है, उसका 266 वर्गफीट फ्रंट शेष है,
विधायक पुत्र ने उक्त पूरी जमीन पर कब्जा करके बाउंड्री आदि भी कर ली है।
शिकायतकर्ता आनंद गोयल का कहना है कि
मैने बीते 15 सितंबर को जब कलेक्टर से शिकायत की थी,
तहसीलदार को निर्देशित भी किया था कि नापतौल की जाए,
तहसीलदार एवं पटवारी मिलकर विधायक को लाभ देने का प्रयास कर रहे हैं।
इतना ही नहीं, तीन बार सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत की थी, लेकिन उसे भी झूठे आश्वासन देकर बंद करवा दिया गया।
आनंद गोयल का कहना है कि मैं इस मामले को ऊपर तक लेकर जाऊंगा।
बोले विधायक पुत्र: हमने नहीं किया कब्जा
जो हम पर कब्जे के आरोप लगाए जा रहे हैं, वो पूरी तरह से गलत हैं। हमने किसी की जमीन पर कोई कब्जा नहीं किया है, वो चाहे तो जमीन नपवा लें।
सक्षम जैन, विधायक पुत्र शिवपुरी
