शिवपुरी जिले में 35 हजार 508 मीट्रिक टन खाद उपलब्ध

0

दैनिक आचरण भोपाल 

समाचार

शिवपुरी जिले में 35 हजार 508 मीट्रिक टन खाद उपलब्ध।

शिवपुरी, 06 अक्टूबर 2026/ शिवपुरी जिले में किसानों की सुविधा एवं कृषि कार्यों हेतु रासायनिक उर्वरकों (खाद) की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के उपसंचालक ने बताया कि 06 अक्टूबर 2026 की स्थिति में जिले में वर्तमान में कुल 35 हजार 508 मीट्रिक टन खाद का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।

उप संचालक, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग ने बताया कि जिले में रवी सीजन (01 अक्टूबर 2026 से अब तक) कुल 3 हजार 53 मीट्रिक टन खाद का वितरण किया जा चुका है। इसमें 1734 मीट्रिक टन यूरिया, 756 मीट्रिक टन डीएपी/टीएसपी, 325 मीट्रिक टन एनपीके, 209 मीट्रिक टन एसएसपी तथा 29 मीट्रिक टन एमओपी शामिल है।

जिले के डबल लॉक गोदामों, सहकारी समितियों एवं निजी विक्रेताओं के पास वर्तमान में उपलब्ध उर्वरकों में यूरिया उर्वरक डबल लॉक गोदामों में 2547 मी.टन, सहकारी समितियों में 1314 मी.टन तथा निजी विक्रेताओं के पास 4580 मी.टन कुल 8442 मी.टन उपलब्ध है। डीएपी / टीएसपी उवर्रक डबल लॉक गोदामों में 1222 मी.टन, सहकारी समितियों में 515 मी.टन तथा निजी विक्रेताओं के पास 1427 मी.टन, कुल 3164 मी.टन उपलब्ध है। एनपीके उवर्रक डबल लॉक गोदामों में 3185 मी.टन, सहकारी समितियों में 468 मी.टन तथा निजी विक्रेताओं के पास 3410 मी.टन, कुल 7062 मी.टन उपलब्ध है। एसएसपी उर्वरक डबल लॉक गोदामों में 1266 मी.टन, सहकारी समितियों में 97 मी.टन तथा निजी विक्रेताओं के पास 14037 मी.टन, कुल 15400 मी.टन उपलब्ध है। एमओपी उवर्रक डबल लॉक गोदामों में 101 मी.टन तथा निजी विक्रेताओं के पास 340 मी.टन, कुल 441 मी.टन उपलब्ध है।

इस प्रकार जिले के डबल लॉक गोदामों में 8320 मीट्रिक टन, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में 2393 मीट्रिक टन एवं निजी विक्रेताओं के पास 23795 मीट्रिक टन उर्वरक की उपलब्धता है, जिससे किसानों को आवश्यकतानुसार खाद प्राप्त करने में आसानी होगी।

खाद के लिए लंबी कतारों से मिलेगी राहत, किसान अब सीधे WhatsApp से प्राप्त कर सकेंगे टोकन।

शासन द्वारा किसानों की सुविधा के लिए खाद टोकन वितरण हेतु 'WhatsApp Chatbot' सेवा शुरू की गई है। इसके तहत किसान अपने मोबाइल में कृषि विभाग का आधिकारिक नंबर 6269141000 सेव कर उस पर 'Gupshup12' लिखकर भेजें। प्राप्त स्वागत संदेश पर क्लिक कर 'प्रोफाइल चुनें' विकल्प पर जायें, फिर अपना जिला चुने, इसके बाद खसरा नंबर चयन करें, बोई गई फसल का विवरण दर्ज करे, इसके बाद उर्वरक चुने विकल्प में जाकर जिस खाद की आवश्यकता है उसे चुने और जमा करें पर क्लिक करें। इसके बाद विक्रेता चुने विकल्प में नजदीकी खाद विक्रेता (रिटेलर) का चयन कर 'जनरेट टोकन' पर क्लिक करते ही टोकन प्राप्त हो जाएगा, जिसे दिखाकर आसानी से खाद ली जा सकेगी।  

रबी फसलों के लिए डीएपी के स्थान पर एनपीके मिश्रित उर्वरक के उपयोग की सलाह।

कृषि विभाग द्वारा किसानों को सलाह दी गई है कि रबी फसलों की बोनी के दौरान पोषक तत्व प्रबंधन का विशेष ध्यान रखें। डीएपी उर्वरक के स्थान पर वैकल्पिक उर्वरक के रूप में एनपीके (जैसे ग्रेड 12:32:16, 16:16:16, 20:20:0:13, 10:26:26, 14:35:14 आदि) का उपयोग करें। एनपीके से फसलों को नत्रजन और फास्फोरस के साथ-साथ पोटाश एवं सल्फर जैसे आवश्यक तत्वों की पूर्ति होती है, जिससे फसलों की गुणवत्ता, पैदावार और मृदा स्वास्थ्य में सुधार होता है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

About Dainik Acharan News

Dainik Acharan News मध्य प्रदेश, शिवपुरी और देश-दुनिया की ताजा खबरों का हिंदी समाचार मंच है।