डायरेक्टर कप फुटबॉल प्रतियोगिताः हेप्पीडेज ए बनी विजेता

0

दैनिक आचरण भोपाल 

समाचार

डायरेक्टर कप फुटबॉल प्रतियोगिताः हेप्पीडेज ए बनी विजेता।

डी.एस.वाय.डब्ल्यू. ने पेनल्टी शूट आउट में जीत दर्ज कर हासिल किया तीसरा स्थान।

शिवपुरी, 06 अक्टूबर 2026/ खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा श्रीमंत माधवराव सिंधिया जिला खेल परिसर में इंटर स्कूल अंडर-14 बालक वर्ग की डायरेक्टर कप फुटबॉल प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के रोमांचक फाइनल मुकाबले में हेप्पीडेज ए ने हेप्पीडेज बी को 3-0 से पराजित कर डायरेक्टर कप फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया। विजेता टीम हेप्पीडेज ए की ओर से मनन, देव झा और अनस शर्मा ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 1-1 गोल किया।

प्रतियोगिता में तीसरे स्थान के लिए डी.एस.वाय.डब्ल्यू. और बाल शिक्षा निकेतन के मध्य मुकाबला खेला गया। निर्धारित समय तक दोनों ही टीमें 1-1 गोल की बराबरी पर रहीं, जिसके बाद मैच का निर्णय पेनल्टी शूट आउट से किया गया। पेनल्टी शूट आउट में डी.एस.वाय.डब्ल्यू. ने बाल शिक्षा निकेतन को 3-1 से हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।

स्पर्धा के समापन अवसर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों के खिलाड़ियों को चमचमाती ट्रॉफी, मेडल तथा मैन ऑफ द मैच पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। संपूर्ण प्रतियोगिता के दौरान मैच रेफरी की भूमिका श्री भरत जाटव एवं श्री विज्ञनेश मिसुरिया ने निभाई। स्कोरिंग का दायित्व श्री रामपाल सिंह महते व श्री सुजीत करोसिया ने संभाला तथा मैच का सफल संचालन श्री कमल सिंह बाथम उर्फ शेरा द्वारा किया गया।

खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने के लिए आयोजन आवश्यक।

डीएफए सेकेट्ररी श्री शाहरुख और जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी डॉ.के.के.खरे ने बताया कि जिला खेल परिसर में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेल अधोसंरचना उपलब्ध है, जिसका उपयोग कर खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा को निखार सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के आयोजन से उदीयमान खिलाड़ियों को अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन करने का उत्कृष्ट मंच प्राप्त होता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

About Dainik Acharan News

Dainik Acharan News मध्य प्रदेश, शिवपुरी और देश-दुनिया की ताजा खबरों का हिंदी समाचार मंच है।