दैनिक जागरण भोपाल
समाचार
शिवपुरी में जिला स्तरीय ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ संपन्न: सेवा ज्योति संकल्प यात्रा का हुआ भव्य आयोजन।
शिवपुरी, 07 अक्टूबर 2026/ ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित ‘सेवा ज्योति संकल्प यात्रा’ के तहत बुधवार को जिला मुख्यालय शिवपुरी स्थित पोलो ग्राउंड मैदान में जिला स्तरीय ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का भव्य एवं गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन का लाइव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर शिवपुरी विधायक श्री देवेंद्र जैन, कोलारस विधायक श्री महेंद्र सिंह यादव, करैरा विधायक श्री रमेश प्रसाद खटीक, पिछोर विधायक श्री प्रीतम लोधी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा यादव, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हेमलता रावत, जिलाध्यक्ष श्री जसवंत जाटव, पूर्व राज्य मंत्री श्री सुरेश राठखेड़ा, श्री भैया साहब लोधी, पूर्व विधायक श्री प्रहलाद भारती, श्री गगन खटीक, श्रीमती शकुंतला खटीक सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं उपस्थित नागरिकों ने सहभागिता करते हुए सेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया।
प्रधानमंत्री का वर्चुअल संबोधन और सामूहिक संकल्प।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से जुड़कर देशवासियों को संबोधित किया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री श्री मोदी ने ‘विकसित भारत @2047’ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए देशवासियों से एकजुट होकर प्रयास करने का आह्वान किया। इस अवसर पर कार्यक्रम में मौजूद नागरिकों ने प्रधानमंत्री के साथ विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का सामूहिक संकल्प लिया।
सेवा ज्योति प्रज्वलन और यात्रा रथों की रवानगी।
समारोह में अतिथियों द्वारा ‘सेवा ज्योति’ प्रज्ज्वलित की गई, जिसके माध्यम से सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया। इसके बाद जनप्रतिनिधियों ने जिले की पांचों विधानसभाओं के लिए तैयार किए गए विकसित भारत सेवा यात्रा रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम के पश्चात पोलो ग्राउंड से ‘सेवा ज्योति संकल्प यात्रा’ प्रारंभ होकर शहर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए संपन्न हुई। यात्रा में सभी की व्यापक सहभागिता देखने को मिली।
विकास पुस्तिका का हुआ वितरण।
आयोजन के अवसर पर जनसंपर्क विभाग द्वारा तैयार की गई 'शिवपुरी विकास पुस्तिका' का वितरण किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों को विकास पुस्तिका का वितरण किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ गरिमामय वातावरण में हुआ।
