न्यूज़ चाचा का धमाका
जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी
समाचार
ठेकेदार ने ओएफसी बिछाने में तोड़ी 39 किमी पाइपलाइन, 752 गांवों तक पानी पहुंचने में होगा एक साल का और इंतजार ।
शिवपुरी। मध्य प्रदेश जल निगम की मड़ीखेड़ा ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजना का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका था, जिससे ग्रामीणों को जल्द ही शुद्ध पेयजल मिलने की उम्मीद थी. परंतु, बीएसएनएल के लिए ऑप्टिकल फाइबर केबल (ओएफसी) बिछा रहे ठेकेदारों की भारी लापरवाही के कारण जिले में करीब 39 किलोमीटर मुख्य पाइपलाइन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है. इसके चलते अब जिले के 752 गांवों में रहने वाले लगभग 13 लाख ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल के लिए अभी एक साल और इंतजार करना पड़ेगा.
तकनीकी विशेषज्ञों के अनुसार, बड़े व्यास वाली पाइपलाइन में केवल साधारण मरम्मत से काम नहीं चलता, बल्कि लाइन सुधारने के बाद लीकेज जांच, प्रेशर टेस्ट और री-कमिश्रिंग जैसी लंबी प्रक्रियाएं पूरी करनी पड़ती हैं, जिसमें कम से कम एक साल का समय लग सकता है. इस गंभीर घटना के सामने आने के बाद निर्माण एजेंसियों—एलएंडटी और एनसीसी—के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है. एलएंडटी का कहना है कि ठेकेदार ने बिना समन्वय के पाइपलाइन तोड़ी, जबकि एनसीसी का दावा है कि उनकी केबल भी काटी गई है. इस बीच, कलेक्टर ने स्थिति का संज्ञान लेते हुए दोनों कंपनियों के अधिकारियों के साथ उच्च-स्तरीय बैठकें शुरू कर दी हैं, ताकि जल्द से जल्द कोई ठोस समाधान निकाला जा सके और भविष्य में पेयजल आपूर्ति में इस प्रकार की बाधाओं से बचा जा सके.
